डेकोरेटर एसोसिएशन के वार्षिक अधिवेशन में व्यवसायिक समस्याओं पर हुई चर्चा

Share This News

इवेंट मैनेजमेंट कंपनियों के साथ काम करने से पहले एग्रीमेंट जरूरी, कैटररों को देर रात तक नहीं रोकने की अपील

धनबाद:हिरापुर स्थित होटल प्रियासी में 10 अगस्त को धनबाद जिला डेकोरेटर एसोसिएशन, धनबाद शाखा का वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष चंद्रशेखर वर्मा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई।
अधिवेशन में शाखा के करीब 150 सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सदस्यों ने अपने व्यवसाय में आ रही विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों को सामने रखा तथा उनके समाधान पर विचार-विमर्श किया।
जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार रंजन ने कहा कि डेकोरेटरों को इवेंट मैनेजमेंट कंपनियों के साथ काम करने में सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई सदस्य इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के साथ काम करता है तो पार्टी के साथ विधिवत एग्रीमेंट किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसोसिएशन अपने सदस्यों के हितों की रक्षा के लिए केवल उचित समझौते और नियमों के तहत किए गए कार्यों में ही सहयोग करेगा।
एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने कार्यक्रम आयोजकों और काम करवाने वाली पार्टियों से अपील की कि कैटररों को अनावश्यक रूप से देर रात तक नहीं रोका जाए। उन्होंने कहा कि रात 12 बजे के बाद केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही कैटरिंग सेवा ली जाए, अन्यथा कर्मचारियों को समय पर काम से मुक्त किया जाए।
अधिवेशन के अंत में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। होटल के समीप से शुरू हुई यात्रा धनबाद के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार रंजन, चेयरमैन राजीव कुमार साव, पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, महासचिव नीरज कुमार साहा, सचिव बच्चू दत्ता, मनजीत सिंह, राजेश्वर कुमार, संजय कुमार, भरत जी भगत, द्वारिका प्रसाद तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। मंच संचालन राजेश कुमार ने किया।

Leave a comment