विश्व युवा कौशल दिवस पर मेगा प्लेसमेंट ड्राइव, ऑफर लेटर एवं टूलकिट वितरण कार्यक्रम आयोजित

Share This News

विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, धनबाद के तत्वावधान में आज AITSIL मेगा स्किल सेंटर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना था।

कार्यक्रम में मेगा प्लेसमेंट ड्राइव, रोजगार मेला, कौशल प्रदर्शनी, नियोजकों के साथ संवाद, कौशल प्रतियोगिता, माइग्रेशन सपोर्ट सेंटर हेल्प डेस्क, लाइव स्किल डेमो एवं करियर काउंसलिंग का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रशिक्षण सेवा प्रदाताओं एवं नियोजक संस्थानों ने युवाओं को रोजगार के अवसरों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं कैरियर निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक श्रम आयुक्त सह जिला कौशल पदाधिकारी, धनबाद, श्री प्रवीण कुमार ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक डिग्री ही नहीं, बल्कि कौशल भी सफलता की कुंजी है। झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री सारथी योजना युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जिले के प्रत्येक युवा को इस योजना का लाभ उठाकर अपने भविष्य को सशक्त बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना है।

इस अवसर पर यूएनडीपी के परियोजना सहायक श्री देवेश कुमार ने युवाओं को कौशल उन्नयन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान फैशन डिजाइनिंग ट्रेड के प्रशिक्षणार्थियों द्वारा आकर्षक फैशन शो प्रस्तुत किया गया। साथ ही चयनित 10 युवाओं को विभिन्न कंपनियों के ऑफर लेटर प्रदान किए गए तथा 5 लाभार्थियों को स्वरोजगार हेतु टूलकिट वितरित की गई, ताकि वे अपने कौशल के आधार पर आजीविका का सृजन कर सकें।

कार्यक्रम में विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के सेंटर मैनेजर, प्रशिक्षक, नियोजकों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा-युवतियों ने भाग लिया। उपस्थित युवाओं ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर कौशल प्रशिक्षण, रोजगार, स्वरोजगार एवं उद्यमिता से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा। जिला प्रशासन ने युवाओं से आह्वान किया कि वे कौशल विकास कार्यक्रमों एवं मुख्यमंत्री सारथी योजना से जुड़कर अपने कौशल को निखारें, रोजगार के नए अवसर प्राप्त करें तथा विकसित झारखंड एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

Leave a comment