जमशेदपुर:श्रीनाथ यूनिवर्सिटी, जमशेदपुर में आयोजित दो दिवसीय सरायकेला-खरसावां जिला पिकलबॉल चैम्पियनशिप का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन सरायकेला-खरसावां जिला पिकलबॉल एसोसिएशन द्वारा झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव प्रभात कुमार और उपाध्यक्ष बी. सुधीर थे। उन्होंने विभिन्न आयु एवं वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पिकलबॉल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। उन्होंने जिला संघ को भविष्य में और अधिक प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन में बी. सुधीर एवं जिला सचिव सुरजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन को सफल बनाने में सभी पदाधिकारियों, तकनीकी अधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं खिलाड़ियों का सराहनीय योगदान रहा।आयोजन को सफल बनाने में श्रीकांत यूनिवर्सिटी जमशेदपुर एवं डेकाथलन जमशेदपुर का विशेष सहयोग एवं समर्थन प्राप्त हुआ। झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन ने दोनों संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।दो दिनों तक चले इस चैम्पियनशिप में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से सरायकेला-खरसावां जिले में पिकलबॉल खेल को नई गति मिलने की उम्मीद है।