ग्रामीणों को ऑन-द-स्पॉट मिला सरकारी योजनाओं का लाभ

Share This News

धनबाद: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर शनिवार को दामोदरपुर पंचायत भवन में “न्याय आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के संयुक्त तत्वावधान में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

इस अवसर पर प्रशिक्षु जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजयकांत श्रीवास्तव एवं जे. जननी ने ग्रामीणों के बीच अबुआ आवास विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, लेबर कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का ऑन-द-स्पॉट वितरण किया। साथ ही पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा उन्हें अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन और न्यायपालिका की प्राथमिकता है।

ग्रामीणों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार के शिविरों के आयोजन से उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में काफी सुविधा होती है। कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत के चेयरमैन पीयूष कुमार, मुखिया कमली हांसदा उप मुखिया राजेश शर्मा, पंचायत सचिव चंदा कुमारी, वार्ड सदस्य सुनीजन हांसदा, बीपीआरओ मधुसूदन पासवान पैरालिगल वोलेंटियर हेमराज चौहान,समेत
बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a comment