भू-धंसान के खिलाफ कतरास में काला बिल्ला लगाकर विरोध, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

Share This News

बीसीसीएल और केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, स्थायी समाधान व सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

धनबाद/कतरास: क्षेत्र में लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं के विरोध में बुधवार को कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। मोर्चा के सदस्यों ने शहर में घूम-घूमकर दुकानदारों और आम लोगों को काला बिल्ला लगाया तथा भू-धंसान की समस्या के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बीसीसीएल और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि कतरास और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाएं लोगों की जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन गई हैं। इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक ठोस पहल नहीं की गई है।
वक्ताओं ने भू-धंसान के लिए बीसीसीएल की कोयला खनन नीति और केंद्र सरकार की उदासीनता को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रभावित इलाकों का स्थायी समाधान करने, अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने तथा लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
मोर्चा के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि भू-धंसान की समस्या का शीघ्र और स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, दुकानदार और मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए।
मौके पर प्रकाश राम गुप्ता, चुन्ना यादव, सुरेश केडिया, मनोज गुप्ता, बलबीर सिंह, प्रदीप पांडे, मो. अफसर छोटू, राजकुमार अग्रवाल, सुधीर सिंह, ललित साव, मो. नदीम, पंकज गुप्ता, सौरभ गुप्ता, हर्ष केडिया, मो. अख्तर और कौशर खान सहित अन्य मौजूद थे। वार्ड 4 की पार्षद निरुपमा देवी ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर मोर्चा के आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

Leave a comment