आज दिनांक 7 अक्टूबर 2026 को समाहरणालय परिसर में माननीय सांसद धनबाद, विभिन्न विधानसभा के माननीय विधायकगण, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा पदाधिकारी द्वारा विभिन्न जन-कल्याणकारी एवं प्रशासनिक पहलों का शुभारंभ व वितरण समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय के तृतीय तल पर नवनिर्मित ‘जन सुविधा-सह-प्रशिक्षण केन्द्र’ तथा प्रथम तल में आम जनता की सुविधा के लिए एक ‘हेल्प डेस्क’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही स्कूली बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन बर्तन और सहिया दीदियों के लिए ‘सहिया किट’ का वितरण भी किया गया।
जन सुविधा-सह-प्रशिक्षण केन्द्र एवं हेल्प डेस्क का उद्घाटन:
समाहरणालय के तृतीय तल पर आधुनिक सुविधाओं और कंप्यूटर लैब से युक्त ‘जन सुविधा-सह-प्रशिक्षण केन्द्र’ का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही प्रथम तल में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान, मार्गदर्शन और जानकारी देने के लिए एक समर्पित ‘हेल्प डेस्क’ की शुरुआत की गई।
मध्याह्न भोजन (MDM) हेतु बर्तन वितरण:
DMFT मद के तहत सरकारी विद्यालयों में बच्चों को स्वच्छ, पौष्टिक और गरिमापूर्ण वातावरण में भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्कूलों को आधुनिक बर्तनों का सेट वितरित किया गया।
सहिया दीदियों को ‘सहिया किट’ का वितरण:
स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने वाली सहिया दीदियों को उनके दैनिक कार्यों की सुगमता और सुरक्षा के लिए आवश्यक चिकित्सीय व उपयोगी उपकरणों से युक्त ‘सहिया किट’ और बैग प्रदान किए गए।
उद्घाटन एवं वितरण के उपरांत अतिथियों ने कहा कि जन सुविधा-सह-प्रशिक्षण केंद्र और हेल्प डेस्क के शुरू होने से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, गति और जन-सुलभता बढ़ेगी। आम जनता को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा।
अतिथियों ने यह भी कहा कि जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने का कार्य निरंतर जारी है। सहिया दीदियों का सशक्तिकरण और स्कूली बच्चों के पोषण हेतु बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय सांसद श्री ढूल्लू महतो और माननीय सांसद श्री चंद्र प्रकाश चौधरी उपस्थित रहे। इसके अलावा स्थानीय विधायकगण, उपायुक्त धनबाद, उप विकास आयुक्त, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य प्रतिनिधि प्रमुख, सहिया दीदियां, शिक्षक, प्रशासनिक पदाधिकारी, रूप से उपस्थित रहे।