धनबाद में हेलमेट थीम पर बने अत्याधुनिक ट्रैफिक पोस्ट का उद्घाटन, एसएसपी प्रभात कुमार बोले—’हेलमेट पहनना ही सुरक्षा की पहली शर्त’

Share This News

धनबाद। गोल बिल्डिंग के समीप शनिवार को हेलमेट के आकार में बनाए गए नए अत्याधुनिक ट्रैफिक पोस्ट का उद्घाटन एसएसपी प्रभात कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव समेत पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

उद्घाटन के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि ट्रैफिक पोस्ट को हेलमेट की थीम पर तैयार किया गया है, ताकि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की आदत विकसित हो। उन्होंने कहा कि हेलमेट सड़क दुर्घटनाओं में सिर की सुरक्षा करता है और कई बार लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाता है। इसलिए प्रत्येक बाइक चालक को हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पोस्ट के निर्माण में विशेष पॉलिमर सामग्री और मजबूत ग्लास का उपयोग किया गया है, जिससे यह गर्मी में अपेक्षाकृत ठंडा और सर्दी में गर्म रहेगा। साथ ही इसकी मजबूती भी अधिक है, जिससे ट्रैफिक कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा।

एसएसपी ने बताया कि इस ट्रैफिक पोस्ट के निर्माण में रैपिडो कंपनी का सहयोग रहा है। कंपनी ने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत ट्रैफिक पुलिस को यह सुविधा उपलब्ध कराई है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि यह पहल सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को भी और प्रभावी बनाने में मददगार साबित होगी।

Leave a comment