विशेष गहन पुनरीक्षण में कोताही नहीं बरते – उपायुक्त

Share This News

हर प्रखंड में बीएलओ सुपरवाइजर कोषांग का गठन

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) 2026 के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिए आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में न्यू टाउन हॉल में सभी बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ बैठक सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर विशेष गहन पुनरीक्षण में कोई कोताही नहीं बरते। गंभीरतापूर्वक और तत्परता से काम करें। विशेष गहन पुनरीक्षण में एक भी मतदाता छूटना नहीं चाहिए।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि एसआइआर 2026 के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिए हर प्रखंड में बीएलओ सुपरवाइजर कोषांग का गठन किया गया है। जिसमें अतिरिक्त कंप्यूटर, कंप्यूटर ऑपरेटर, जेरोक्स मशीन, फोटो प्रिंट मशीन के अलावा निर्वाध बिजली आपूर्ति के लिए पावर बैकअप प्रदान किया गया है। साथ ही नगर आयुक्त की अध्यक्षता में निगरानी कषांग का गठन किया गया है।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण में बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर एक महत्वपूर्ण कड़ी है। कोई योग्य वोटर छूटना नहीं चाहिए और कोई अयोग्य व्यक्ति मतदाता सूची में जुड़ना नहीं चाहिए, यही एसआइआर का उद्देश्य है।

उपायुक्त ने सभी बीएलओ सुपरवाइजर को काम नहीं करने वाले बीएलओ को तुरंत बदलने एवं जहां काम का अत्यधिक दबाव है वहां स्वयं सेवक रखने तथा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा इसका उद्देश्य वास्तविक मतदाताओं, विशेष रूप से वृद्ध, बीमार, दिव्यांग, गरीब और अन्य कमजोर समूहों को यथासंभव सुविधा प्रदान करने के लिए है।

उन्होंने कहा कि बीएलओ यदि अन्य कार्य में लगे हो तो अपने दैनिक कार्यों के अतिरिक्त प्रतिदिन सुबह 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक मतदाताओं की सुगमता हेतु अपने संबंधित मतदान केन्द्रों में रहकर मैपिंग कार्य को संपादित करना सुनिश्चित करेंगे। सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी वाट्सएप एवं वीडियो कॉल अथवा भौतिक निरिक्षण कर उक्त कार्य को संपादित करना सुनिश्चित करेंगे।

कार्यशाला में बीएलओ सुपरवाइजरों को सभी प्रखण्ड व अंचल स्तर पर बूथ लेवल एजेंट-2 एवं सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक रखने का निर्देश दिया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण एवं संग्रहण किया जाएगा। 29 जुलाई तक मतदान केन्द्रों का पुनर्गठन, 05 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन, 05 अगस्त से 04 सितंबर तक दावे एवं आपत्तियाँ दर्ज करने की अवधि, 05 अगस्त से 03 अक्टूबर तक नोटिस एवं दावे / आपत्तियों का निस्तारण तथा 07 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

कार्यशाला में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, नगर आयुक्त श्री आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्रीमती हेमा प्रसाद, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री कालिदास मुंडा, अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार, निदेशक डीआरडीबी श्री राजीव रंजन, डीसीएलआर श्री दिलीप कुमार महतो, डीएसडब्ल्यूओ श्रीमती स्नेह कश्यप के अलावा सभी विधानसभा के ईआरओ, एईआरओ तथा सभी बीएलओ सुपरवाइजर मौजूद थे।

Leave a comment