धनबाद। देश में बढ़ती महंगाई, प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को युवा कांग्रेस की ओर से धनबाद में “हल्ला बोल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आक्रोश रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रैली आईआईटी (आईएसएम) के मुख्य द्वार के समीप से शुरू हुई और पुलिस केंद्र होते हुए रणधीर वर्मा चौक स्थित धरना स्थल तक पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए और शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा पेपर लीक पर रोक लगाने की मांग उठाई।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से देश के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिससे छात्रों में निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के हितों की रक्षा करने में विफल रही है।
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के शामिल होने की संभावना थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। इसके बावजूद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई।