Breaking News

डीसीए के तीन जूनियर टूर्नामेंट को मिला प्रायोजक, परशुराम सिंह मेमोरियल के नाम से होंगे आयोजन

Share This News

अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 वर्ग के ओपन टूर्नामेंट के लिए राजेश सिंह बम्मी ने दी सहमति, 21-22 नवंबर को अंडर-14 का ट्रायल

धनबाद: धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) के जूनियर वर्ग के तीन नए टूर्नामेंट के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है। अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 वर्ग के लिए आयोजित होने वाले इन ओपन टूर्नामेंट को अब परशुराम सिंह मेमोरियल के नाम से जाना जाएगा। संघ के वरीय सदस्य, क्रिकेटप्रेमी एवं व्यवसायी राजेश सिंह बम्मी ने इन टूर्नामेंटों के प्रायोजन की सहमति दी है।
बुधवार को डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में संघ का एक प्रतिनिधिमंडल राजेश सिंह बम्मी से मिला। इस दौरान टूर्नामेंट के आयोजन और प्रायोजन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। राजेश सिंह ने प्रायोजन की सहमति देते हुए इन प्रतियोगिताओं का नाम अपने दिवंगत पिता अधिवक्ता परशुराम सिंह की स्मृति में रखने का प्रस्ताव दिया। उनके पिता का निधन इसी वर्ष हुआ था।
डीसीए ने इस पहल और सहयोग के लिए राजेश सिंह बम्मी के प्रति आभार जताया। संघ का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से जिले के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
21-22 नवंबर को अंडर-14 का ट्रायल
इधर, डीसीए ने अंडर-14 वर्ग के लिए चयन ट्रायल की तारीख भी घोषित कर दी है। ट्रायल 21 और 22 नवंबर को टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में आयोजित होगा। इसमें केवल वही खिलाड़ी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पूर्व में ट्रायल के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया है।

Leave a comment