आउटसोर्सिंग कर्मी के घर देर रात फायरिंग, बाल-बाल बचा परिवार।

Share This News

धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कनकनी पासी पट्टी में रविवार देर रात गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने एक आउटसोर्सिंग कंपनी में कार्यरत रवि मिर्धा के घर को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और परिवार बाल-बाल बच गया।

जानकारी के अनुसार, देर रात अपराधियों ने रवि मिर्धा के घर की खिड़की से गोली चलाई। गोली कमरे में रखी अलमारी में जाकर धंस गई। उस समय रवि मिर्धा समेत उनका पूरा परिवार घर में सो रहा था। अचानक गोली चलने की तेज आवाज से परिवार की नींद खुल गई। इसके बाद रवि मिर्धा ने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी, जिससे आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही लोयाबाद थाना प्रभारी पिकु प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा अलमारी से गोली बरामद कर ली। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फायरिंग करने वालों की पहचान में जुटी हुई है।

पीड़ित रवि मिर्धा ने बताया कि घटना के समय पूरा परिवार घर में मौजूद था। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर सभी घबरा गए।

वहीं, थाना प्रभारी पिकु प्रसाद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में।

Leave a comment