धनबाद में डिजनीलैंड मेला बना आकर्षण का केंद्र, छात्रों को मिल रही 50 प्रतिशत की विशेष छूट

Share This News

धनबाद। जिला परिषद मैदान में आयोजित डिजनीलैंड मेला इन दिनों शहरवासियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। 05 मई से शुरू हुआ यह भव्य मेला अब 30 जून तक चलेगा। मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार और बच्चों के साथ पहुंच रहे हैं और देशी-विदेशी आधुनिक झूलों का आनंद ले रहे हैं।

मेले के आयोजकों द्वारा मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि इस बार मेले में बच्चों, युवाओं और परिवारों के मनोरंजन के लिए कई नए और रोमांचक झूले लगाए गए हैं। खास बात यह है कि 24 मई से 30 जून तक छात्रों के लिए विशेष स्टूडेंट पास की व्यवस्था की गई है, जिसके तहत छात्रों को झूलों पर 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। आयोजकों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों और युवाओं को मेले का भरपूर आनंद दिलाना है।

इस बार मेले का सबसे बड़ा आकर्षण अजमेरी नौका बना हुआ है। इसे देखने और इसका आनंद लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसके अलावा जायंट व्हील, ब्रेक डांस, ड्रैगन ट्रेन, टोरा-टोरा, मिकी माउस, मारुति झूला और बेबी ट्रेन समेत कई रोमांचकारी झूले लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।

प्रेस वार्ता में आयोजकों ने बताया कि मेले का समय प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। सुरक्षा, स्वच्छता और लोगों की सुविधा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Leave a comment