मारवाड़ी युवा मंच धनबाद शक्ति शाखा का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

Share This News

धनबाद :मारवाड़ी युवा मंच धनबाद शक्ति शाखा द्वारा शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन टेंपल रोड स्थित मारवाड़ी युवा मंच भवन के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी व युवा प्रेरणा स्रोत कुंभनाथ सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

समारोह में शाखा की नई अध्यक्ष इशा अग्रवाल, सचिव पूजा केजरीवाल एवं उनकी पूरी नई टीम को विधिवत शपथ दिलाई गई। पूर्व अध्यक्ष सुनीता जिंदल ने नई टीम को शपथ दिलाते हुए संगठन की गरिमा, सेवा भावना एवं सामाजिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प दिलाया।

मुख्य अतिथि कुंभनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि युवा मंच समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक एकता के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि शाखा आने वाले समय में और अधिक सेवा कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

नई अध्यक्ष इशा अग्रवाल ने सभी सदस्यों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूरी टीम संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी।

समारोह में मंच के अनेक सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a comment