धनबाद में युवा कांग्रेस के मिलन समारोह सह वनभोज एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कई अहम मुद्दों पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड में जल्द ही नगर निकाय चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर कर लिया गया है और ट्रिपल टेस्ट का कार्य भी लगभग पूरा हो गया है।
राजेश ठाकुर ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना के तहत पात्र सभी महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा। 55 लाख महिलाओं को योजना से जोड़ा गया है, और जो महिलाएं अभी तक वंचित रह गई थीं, उन्हें भी इस योजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि आवेदन में कुछ त्रुटियां थीं, जिन्हें सुधारा जा रहा है, ताकि सभी योग्य महिलाओं को लाभ मिल सके।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के कुंभ स्नान की इच्छा जताने पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए राजेश ठाकुर ने कहा कि कुंभ स्नान की इच्छा सभी को होती है। मंत्री ने भी अपनी इच्छा जाहिर की है, और इसमें कोई विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु महाकुंभ में स्नान करने आते हैं और मंत्री को भी यह अवसर मिलना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति के अध्यक्ष श्री प्रदीप कुमार सिंह को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष कुमार गौरव ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और कांग्रेस की योजनाओं एवं आगामी चुनाव तैयारियों पर चर्चा की।