धनबाद, 26 जनवरी 2025:76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहीद रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम में जिला प्रशासन और मीडिया के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ।
12 ओवर के इस मुकाबले में जिला प्रशासन ने मीडिया को 59 रन से हराकर जीत दर्ज की।इस अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जिलेवासियों को जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनने का संदेश दिया। उन्होंने स्टेडियम में मौजूद सभी लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई।
मैच में जिला प्रशासन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 12 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 199 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। डीएसपी श्री नौशाद आलम ने 23 गेंदों में 61 रन बनाए, जबकि जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री मुकेश कुमार बाउरी ने 17 गेंदों में 48 रन का योगदान दिया। एसएसपी श्री हृदीप पी जनार्दनन ने भी 15 गेंदों में 42 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली।
मीडिया टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए कप्तान अमित कुमार सिन्हा ने 3 ओवर में 28 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं, अभिषेक पोद्दार ने 3 ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट लिए।दूसरी पारी में मीडिया टीम ने जोरदार प्रदर्शन किया। शिवेंद्र कुमार ने 28 गेंदों में 51 रन बनाए, जबकि अंबर कलश तिवारी ने 19 गेंदों में 50 रनों की धमाकेदार पारी खेली। हालांकि, मीडिया टीम लक्ष्य हासिल करने में 59 रन से चूक गई।
मैच के समापन पर उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। एसएसपी श्री हृदीप पी जनार्दनन को प्लेयर ऑफ द मैच, डीएसपी श्री नौशाद आलम को सर्वाधिक रन बनाने के लिए, और डीआरडीए निदेशक श्री राजीव रंजन को विकेटकीपिंग के लिए पुरस्कार मिला। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के लिए अमित कुमार सिन्हा को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा, एसएसपी श्री हृदीप पी जनार्दनन, नगर आयुक्त श्री रवि राज शर्मा, सिटी एसपी श्री अजीत कुमार, एसडीओ श्री राजेश कुमार, और कई अन्य अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।कार्यक्रम में सभी खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने सभी प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए नियमों का पालन करने का संदेश दिया।