धनबाद। 26 जनवरी 2025-:धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में 76वें गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला उपायुक्त माधवी मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उनके साथ एसएसपी एचपी जनार्दनन ने भी परेड का निरीक्षण किया।
समारोह में विभिन्न प्लाटून ने आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया। इस मौके पर धनबाद के विभिन्न सरकारी विभागों ने 20 रंगारंग झांकियां प्रस्तुत कीं, जिनमें विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों की झलक दिखाई गई। झांकियों में जल संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े संदेश प्रमुख रूप से प्रदर्शित किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त माधवी मिश्रा ने जिले के सभी नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने राष्ट्र और राज्य के विकास में नागरिकों के व्यक्तिगत योगदान की महत्ता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि धनबाद प्रशासन ने हाल ही में दो महत्वपूर्ण चुनावों को बिना किसी त्रुटि के सफलतापूर्वक संपन्न किया है। इस सफलता का श्रेय उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और मतदाताओं को दिया।
समारोह में देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी समां बांध दिया। स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर गणमान्य अधिकारी, स्थानीय प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।