धनबाद, 24 जनवरी 2025: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सुश्री माधवी मिश्रा ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।जनता दरबार में मैथन से आए एक व्यक्ति ने बताया कि उनके पिता द्वारा 1967 में खरीदी गई जमीन का दाखिल-खारिज 2013 में उनके नाम के बजाय किसी अन्य के नाम कर दिया गया। अब दूसरा पक्ष उनकी रैयती जमीन जबरन बेच रहा है। इस पर उपायुक्त ने एगारकुंड अंचल अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।
एक अन्य व्यक्ति ने ऑटो और ई-रिक्शा के रूट निर्धारण, ऑटो पार्किंग स्थलों की पहचान, और झरिया लक्ष्मनीया मोड़ से चार नंबर तक सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने इस मामले पर भी संबंधित विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।इसके अलावा, कलियासोल से आए एक व्यक्ति ने अपनी रैयती जमीन बलपूर्वक हड़पने की शिकायत दर्ज कराई, जबकि पुटकी से आए व्यक्ति ने बीसीसीएल द्वारा जमीन के बदले नियोजन न मिलने की समस्या रखी।
उपायुक्त ने सभी शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। जनता दरबार में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्री नियाज अहमद भी उपस्थित थे।इस आयोजन का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना और प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाना है। जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे और समाधान की उम्मीद जताई।