धनबाद: कोर्ट मोड़ पर युवक पर हमला, अपहरण की कोशिश का आरोप

Share This News

धनबाद: कोर्ट मोड़ के पास स्टीलगेट निवासी 20 वर्षीय युवक अक्षय कुमार के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की और अपहरण करने की कोशिश की। अक्षय ने आरोप लगाया है कि बेकारबांध निवासी गोलू यादव ने अपने 25 साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला किया। हमलावरों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह भागकर धनबाद थाना पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

फिलहाल पुलिस ने घायल अक्षय कुमार को सदर अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अक्षय ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने बिना किसी कारण उस पर हमला किया। वह किसी काम से कोर्ट आया था, तभी यह घटना हुई।

अक्षय का आरोप है कि कुछ दिन पहले भी इन हमलावरों ने उसके पिता की फास्टफूड दुकान में तोड़फोड़ की थी, जिसकी शिकायत सरायढेला थाना में दर्ज कराई गई थी। मारपीट की घटना के दौरान मौके पर काफी लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया।

पुलिस अक्षय की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।

Leave a comment