बाघमारा (धनबाद):झारखंड सरकार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के बाद बलियापुर की होनहार बेटी ने बाघमारा के विधायक शत्रुघ्न महतो के समक्ष अपनी समस्या रखी। यह मुलाकात बीबीएमकेयू विधायक प्रतिनिधि एवं छात्र नेता चितरंजन कुमार सिंह की पहल और सहयोग से संभव हो सकी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाली यह प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल उपलब्धियों के बावजूद लंबे समय से सहायता के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रही थी। कई लोगों से मदद की गुहार लगाने के बाद उसकी बात चितरंजन कुमार सिंह तक पहुँची। उन्होंने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत इसकी सूचना विधायक शत्रुघ्न महतो को दी।विधायक शत्रुघ्न महतो ने मामले को संवेदनशीलता के साथ सुना और होनहार बेटी को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने झारखंड के खेल मंत्री से दूरभाष पर बातचीत कर बेटी को खेल, आर्थिक एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने की आग्रह की।उल्लेखनीय है कि बलियापुर की यह होनहार बेटी चीन में आयोजित विश्व लेजर रन प्रतियोगिता में कांस्य पदक विजेता रह चुकी है। साथ ही उसने दो राष्ट्रीय एवं एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन किया है। विधायक ने बेटी के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित करने, खेल से संबंधित संसाधन उपलब्ध कराने तथा चिकित्सकीय सुविधा देने का भी आश्वासन दिया। विधायक शत्रुघ्न महतो की इस सकारात्मक पहल और बीबीएमकेयू विधायक प्रतिनिधि चितरंजन कुमार सिंह के सक्रिय सहयोग से भावुक हुई होनहार बेटी ने दोनों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि अब उसे आगे बढ़ने की नई उम्मीद और मजबूती मिली है।