धनबाद, 31 दिसंबर 2024: धनबाद में चेन छिनतई की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला धनबाद थाना क्षेत्र के 8 लेन रोड स्थित न्यू बॉम्बे स्विट्स के पास का है, जहां बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली।
अस्पताल से लौट रही महिला बनी शिकार
भुक्तभोगी पूजा गोरी, जो बराकर की रहने वाली हैं, ने बताया कि वह अपने ससुर के इलाज के लिए अस्पताल आई थीं। बॉम्बे स्विट्स में नाश्ता करने के बाद जैसे ही वह बाहर निकलीं, बाइक सवार अपराधी अचानक उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे।
CCTV खंगालने में जुटी पुलिस
महिला ने बताया कि चेन की कीमत एक लाख रुपये से अधिक है। घटना की सूचना पर धनबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने न्यू बॉम्बे स्विट्स के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
दो दिन में दूसरी घटना
धनबाद थाना क्षेत्र में चेन छिनतई की यह घटना दो दिन के भीतर दूसरी बार हुई है। इससे पहले भेला टांड में एक बुजुर्ग महिला के गले से करीब दो लाख रुपये की सोने की चेन झपटकर अपराधी फरार हो गए थे। वह अपने पति के साथ बरटांड बाजार करने आई थीं। इस मामले में भी पुलिस जांच कर रही थी कि अपराधियों ने एक और घटना को अंजाम दे दिया।
पुलिस का बयान
धनबाद थाना के एएसआई सत्येंद्र पासवान ने कहा, “दोनों घटनाओं की जांच जारी है। अपराधियों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।”
धनबाद में लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं से लोगों में दहशत है। आमजन ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।