
धनबाद (DHANBAD): सदर अस्पताल के दो वरिष्ठ डॉक्टरों, डॉ. पीपी पांडेय और डॉ. राजेंद्र कुमार ने अस्पताल प्रबंधन को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। दोनों डॉक्टर 2019 में डीएमएफटी फंड के तहत अस्पताल में शामिल हुए थे। डॉ. पांडेय मेडिसिन विभाग में तैनात थे, जबकि डॉ. राजेंद्र कुमार बच्चों के रोग विभाग में कार्यरत थे।
डॉ. पांडेय ने बताया कि अस्पताल में काम करने के दौरान उन्हें लगातार लंबे समय तक 100 से अधिक मरीजों को देखना पड़ता था, बावजूद इसके वेतन कई बार 4-6 महीने देर से मिलता था। वहीं, डॉ. राजेंद्र कुमार भी अस्पताल की व्यवस्थाओं से असंतुष्ट थे और कुछ समय पहले से ही अस्पताल नहीं आ रहे थे।
सदर अस्पताल में 2019 में जिला प्रशासन ने डीएमएफटी फंड से 21 डॉक्टरों को नियुक्त किया था, लेकिन समय के साथ कई डॉक्टर धीरे-धीरे अस्पताल छोड़ चुके हैं। डॉ. पांडेय और डॉ. राजेंद्र के इस्तीफे ने अन्य चिकित्सकों में भी चिंता पैदा कर दी है। फिलहाल, सर्जन डॉ. संजीव गोलास, डॉ. मुकेश कुमार और कुछ अन्य डॉक्टर अस्पताल में कार्यरत हैं, जबकि कुछ अन्य डॉक्टरों के भी इस्तीफा देने की अटकलें लगाई जा रही हैं।