आश्रम पहुंचकर समाजसेवियों ने जाना बुजुर्गों का हाल, आत्मीयता के साथ बिताया समय
धनबाद: सबलपुर, सहयोगी नगर स्थित वृद्धा आश्रम ओल्ड एज होम में शनिवार को सेवा एवं सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यूनियन बैंक की सहायक प्रबंधक मधु, उनकी पुत्री माहिरा भास्कर, झारखंड आंदोलनकारी रंजीत रवानी एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र वर्मा आश्रम पहुंचे। सभी ने बुजुर्गों के साथ आत्मीय समय बिताया, उनका कुशलक्षेम जाना और उनके सुख-दुख साझा किए। इस दौरान बुजुर्गों के स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की कामना करते हुए केक काटा गया और उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लालमणि वृद्धा सेवा आश्रम के अध्यक्ष सह ओल्ड एज होम के संचालक नौशाद गद्दी तथा कोषाध्यक्ष ओमकार मिश्रा ने आश्रम में सेवा के लिए आये सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत और सम्मान किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष नौशाद गद्दी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रायोजक धनबाद जिला समाज कल्याण, समाजसेवी, सामाजिक संस्थाएं, जिला प्रशासन, बीसीसीएल एवं विभिन्न बैंक समय-समय पर आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों की सेवा और सहायता करते हैं। वे न केवल बुजुर्गों का हालचाल लेते हैं, बल्कि उनकी जरूरतों के अनुसार आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराते हैं। उनका यह सहयोग आश्रम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
कोषाध्यक्ष ओमकार मिश्रा ने कहा कि कुछ लोग नियमित अंतराल पर आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों की सुध लेते हैं। उनकी जरूरतों को समझना, सहायता प्रदान करना और उनके साथ आत्मीय समय बिताना सराहनीय पहल है। ऐसे लोगों का सेवाभाव समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
यूनियन बैंक की सहायक प्रबंधक मधु ने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान करना, उनकी जरूरतों का ख्याल रखना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। धनबाद वाशियों की ऐसी पहल समाज में सेवा सम्मान और अपनत्व की भावना को मजबूत करती है। वहीं आश्रम में रंजीत रवानी ने कहा कि अगर सभी लोग अपना थोड़ा-थोड़ा योगदान, समय और सहयोग देंगे तो इन बुजुर्गों का जीवन के आखरी पड़ाव में लोगों से मिले प्यार स्नेह और अपनत्व की अनुभूति से संतुष्टि,सुख शांति, मनोबल में वृद्धि एवं इनका आत्मिक हार्दिक कल्याण होगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने बुजुर्गों को नमन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। आश्रम प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।