
17/10/2025, AKS डेस्क, धनबाद: गुरुवार, 16 अक्टूबर को डीएवी मुनिडीह के छात्रों ने टुंडी स्थित कदैया ग्राम के लालमणि वृद्धाश्रम का दौरा किया। इस अवसर पर बच्चों ने दिवाली के पावन मौके पर बुजुर्गों के लिए नाश्ता, मिठाई, केक और मिक्सचर जैसे उपहार भेंट किए।
यह सामाजिक गतिविधि बच्चों में सहयोग और सेवा भावना को प्रोत्साहित करने का एक प्रयास थी। जैसे बच्चों को बुजुर्गों के मार्गदर्शन और देखभाल की आवश्यकता होती है, वैसे ही वृद्ध लोगों को भी प्यार और साथ की जरूरत होती है। बच्चों के साथ समय बिताकर बुजुर्ग अत्यंत खुश हुए और उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि उनके नाती-पोते उनसे मिलने आए हैं।
वृद्धजनों ने बच्चों को स्नेहपूर्ण आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल प्रबंधन इंदु प्रसाद, नीता श्रीवास्तव, मौमिता विश्वास, एस. यादव और सबिता सिंह का सहयोग अहम रहा। वहीं, वृद्धाश्रम के अध्यक्ष नौशाद गद्दी, सचिव डॉ. डी. शरण, कोषाध्यक्ष ओंकार मिश्रा और कार्यकारिणी अध्यक्ष सुधीर बरनवाल ने विद्यार्थियों और प्राचार्य इंदु प्रसाद का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।