
धनबाद (NIRSA): गलफरबाड़ी ओपी क्षेत्र के मोहलबागान कॉलोनी में बीती रात चोरों ने चार घरों में घुसकर लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत छानबीन शुरू कर दी है। चोरी की खबर सुनते ही सांसद प्रतिनिधि प्रशांत बनर्जी ने भी मौके का दौरा किया और पीड़ितों सुद्दू बाउरी, भादो बाउरी, दुखा पासी और मनोज कुमार से मुलाकात की।
पीड़ित इसीएल कर्मचारी सुद्दू बाउरी ने बताया कि बुधवार रात लगभग 11.30 बजे वह ड्यूटी पर गए थे और सुबह 4.05 बजे लौटने पर देखा कि मुख्य गेट का ताला टूट चुका था। घर के अंदर जाने पर उन्होंने पाया कि घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त था और अलमारी में रखे गहनों में से सोने की चैन, कान की बालियाँ, हाथ का कड़ा और लगभग पचास हजार रुपये नकद गायब थे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों में लगातार हो रही ऐसी चोरी की घटनाओं को लेकर डर और चिंता फैल गई है।