
धनबाद (सिंदरी):
एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर सिंदरी गौशाला ओपी और बलियापुर के मुख्य बाजारों, आभूषण दुकानों, बैंकों, इलेक्ट्रॉनिक्स शो-रूम और बड़े मॉल के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने सभी संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की।
एसएसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान अपराधी गतिविधियाँ बढ़ सकती हैं, इसलिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की है कि बड़ी रकम ले जाते समय सावधानी बरतें और आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय थाने को सूचना देकर सुरक्षा सुनिश्चित करें।
त्योहारों के मद्देनजर सिंदरी क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। डीएसपी आशुतोष कुमार सत्यम ने नागरिकों से कहा कि वे भीड़-भाड़ वाले स्थानों में सतर्क रहें, अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
सड़क जाम से बचने के लिए वाहन केवल निर्धारित पार्किंग में ही लगाएँ। पटाखों का उपयोग करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएँ। साथ ही, यदि कोई व्यक्ति त्योहार के दौरान अपने घर से बाहर जा रहा है, तो स्थानीय थाना को इसकी जानकारी दें ताकि उनके घर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।