आईआईटी-ISM धनबाद के सीनियर साइंटिस्ट ठगी के हुए शिकार , शादी का झांसा देकर 44 लाख की ठगी…

Share This News

रांची (RANCHI): धनबाद स्थित IIT-ISM के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक के साथ एक महिला साइबर अपराधी ने शादी का झांसा देकर करीब 44 लाख रुपये की ठगी की। पीड़ित वैज्ञानिक ने रांची साइबर थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, वैज्ञानिक की महिला से मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर मुलाकात हुई थी। महिला ने दावा किया कि वह नीदरलैंड में रहती है और शादी तभी संभव है जब दोनों अपने भविष्य के लिए निवेश करें। वैज्ञानिक ने महिला की बातों में आकर धीरे-धीरे उसके बताए गए बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए। कुछ महीनों में कुल 44 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

पैसे भेजने के बाद महिला का मोबाइल नंबर बंद हो गया और उसके संपर्क का पता नहीं चल सका। इसके बाद वैज्ञानिक ने साइबर थाना में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

साल 2025 के सितंबर तक झारखंड में साइबर ठगी के 15,081 मामले नेशनल साइबर रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज किए गए हैं, जिसमें कुल 142 करोड़ रुपये की ठगी हुई। पुलिस ने अब तक 1.20 करोड़ रुपये वसूल किए और 2.44 करोड़ रुपये फ्रीज किए हैं।

साइबर विशेषज्ञ सौरभ कुमार के अनुसार, पढ़े-लिखे और शिक्षित लोग भी साइबर ठगी के शिकार हो रहे हैं, क्योंकि अपराधियों को लोगों को भरोसा दिलाकर ठगने की विशेष ट्रेनिंग दी जाती है।

Leave a comment