फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र जारी करने के मामले में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

Share This News

एसडीएम ने छापेमारी कर सीएससी केंद्र किया सील, आईडी रद्द करने की अनुशंसा

प्रशासनिक सतर्कता एवं जन-शिकायतों के त्वरित निस्तारण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी श्री लोकेश बारंगे द्वारा फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने वाले पाथरकुआं पंचायत के एक कॉमन सर्विस सेंटर (CSC / प्रज्ञा केंद्र) के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है।

होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के दौरान प्रस्तुत आवासीय प्रमाण पत्र के फर्जी पाए जाने की शिकायत मिलने के बाद अनुमंडल दंडाधिकारी (SDM) श्री लोकेश बारंगे के संज्ञान में यह मामला आया, जिसके उपरांत संबंधित पंचायत भवन में संचालित सीएससी केंद्र में औचक निरीक्षण/छापेमारी कर केंद्र को सील कर दिया गया तथा विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।  

होमगार्ड चयन एवं सत्यापन: आवेदक कृष्णपद सोरेन (पिता: देबु सोरेन, निवासी: ग्राम बड़बाड़ी, थाना निरसा, जिला धनबाद) का चयन होमगार्ड बहाली हेतु हुआ था। चयनोपरांत उनके द्वारा संलग्न आवासीय प्रमाण पत्र का सत्यापन अंचल कार्यालय, कलियासोल द्वारा किया गया।  

झारसेवा पोर्टल पर सत्यापन में फर्जीवाड़ा उजागर: अंचल कार्यालय द्वारा ‘Online Jharsewa’ पोर्टल के माध्यम से जांच करने पर पाया गया कि उक्त प्रमाण पत्र कार्यालय स्तर से कभी स्वीकृत या निर्गत हुआ ही नहीं था। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार आवेदन त्रुटिपूर्ण रहने के कारण लंबित/वापस किया गया था, परंतु आवेदक को कूटरचित (फर्जी) डिजिटल हस्ताक्षर युक्त प्रमाण पत्र थमा दिया गया था।  

आवेदक का बयान: पीड़ित अभ्यर्थी ने लिखित शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उसने गांव के ही सीएससी संचालक अभिजीत दास के पास प्रमाण पत्र हेतु आवेदन दिया था, जिसके एवज में संचालक ने ₹500 लिए थे। बाद में संचालक ने फर्जी प्रिंट निकाल कर थमा दिया, जिससे अभ्यर्थी का भविष्य खतरे में पड़ गया।  

केंद्र को सील करने की कार्रवाई: शिकायत एवं प्रारंभिक पुष्टि के आधार पर एसडीएम श्री लोकेश बारंगे, अंचल अधिकारी कालियासोल श्री अशोक कुमार सिन्हा तथा डीपीओ यूआईडी श्री अमित कुमार द्वारा संबंधित पंचायत भवन में संचालित सीएससी केंद्र में तत्काल छापेमारी की गई एवं केंद्र को सील कर दिया गया। साथ ही संचालक अभिजीत दास की सीएससी आईडी रद्द करने की कार्रवाई की जा रही है।

कानूनी प्रक्रिया: आम जनता व अभ्यर्थियों को गुमराह कर कूटरचित सरकारी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में संचालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।  

एसडीएम श्री लोकेश बारंगे ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों और प्रतियोगी छात्रों के साथ धोखाधड़ी करने वाले किसी भी सीएससी या प्रज्ञा केंद्र संचालक को बख्शा नहीं जाएगा। सभी केंद्र संचालक सरकारी नियमों व निर्धारित शुल्क के अनुरूप ही सेवाएं प्रदान करें; नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस रद्दीकरण के साथ-साथ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment