राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर जिले भर में कई कार्यक्रम आयोजित
धनबाद: नालसा एवं झालसा के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), धनबाद निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में व्यापक विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया।
इसकी जानकारी देते हुए सचिव डालसा मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना तथा लोगों को उनके कानूनी अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि डालसा की टीम द्वारा धनबाद जिले के गांव-गांव, अस्पतालों एवं रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मेला प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक एवं जनसंपर्क अभियान के जरिए आम लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, स्थायी लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित मुआवजा योजना तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान आम जनता को उनके मौलिक अधिकारों, महिला एवं बाल सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, श्रमिकों के हित तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही सैकड़ों लाभुकों के बीच सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।
न्यायाधीश ने कहा कि डालसा का निरंतर प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता मिले और कोई भी व्यक्ति जानकारी या आर्थिक अभाव के कारण न्याय से वंचित न रहे।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनें तथा जरूरत पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करें।
कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट