छठ से पहले घाटों की सफाई में जुटा नगर निगम, मेयर और नगर आयुक्त ने किया तालाबों का निरीक्षण

Share This News

पंपू तालाब का जलस्तर बढ़ाने का निर्देश, छठ पूजा से पहले दुरुस्त होंगी सभी व्यवस्थाएं

धनबाद: छठ महापर्व को लेकर धनबाद नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए शहर के प्रमुख तालाबों और छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को मेयर संजीव सिंह और नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने निगम की पूरी टीम के साथ शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मेयर और नगर आयुक्त की टीम शहर के प्रमुख छठ घाटों का भ्रमण करते हुए पंपू तालाब पहुंची। यहां घाटों की साफ-सफाई और तालाब में पानी की स्थिति का जायजा लिया गया। पंपू तालाब में जलस्तर कम देखकर मेयर ने चिंता जताई और अधिकारियों को छठ पूजा से पहले तालाब में पर्याप्त पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मेयर ने कहा कि छठ महापर्व की महत्ता को देखते हुए नगर निगम सभी प्रमुख तालाबों और घाटों की सफाई को प्राथमिकता दे रहा है। घाटों के आसपास जमा गंदगी, कचरा और अन्य समस्याओं को दूर करने के लिए निगम की टीमें लगातार काम कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां सामने आ रही हैं, उन्हें तत्काल दूर करने का निर्देश दिया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा शुरू होने से पहले सभी घाटों की सफाई, पर्याप्त जलस्तर और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तमाम व्यवस्थाएं हर हाल में दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment