Breaking News

रामलीला मैदान की इंडिया गठबंधन की महारैली में धनबाद से शामिल हुए कांग्रेसी

Share This News

धनबाद। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को आयोजित इंडिया गठबंधन की महारैली में धनबाद से हजारों की संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव शमशेर आलम ने कहा कि कांग्रेस कमेटी सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ इस लड़ाई में अग्रिम मोर्चे पर खड़ी है।
उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को रद्द करने तथा लाखों सही मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित किए जाने के विरोध में इंडिया गठबंधन ने यह महारैली आयोजित की। रैली जनता के प्रतिरोध का प्रतीक बनी। सुबह 10 बजे तक रामलीला मैदान लोगों से पूरी तरह भर गया था। इसमें किसान, श्रमिक, छात्र, युवा, महिलाएं, छोटे व्यापारी, वकील और बुद्धिजीवी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
महारैली में झारखंड से इंडिया गठबंधन के घटक दलों कांग्रेस, सीपीएम, राजद, भाकपा और अन्य वामपंथी दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति ने भी झारखंड की भागीदारी को प्रमुखता दी।
कांग्रेस नेता कार्तिक हाड़ी ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई अब पूरे देश में खेतों-खलिहानों से लेकर मेहनतकशों के कार्यस्थलों तक लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई के माध्यम से नफरत की राजनीति का मुकाबला किया जाएगा और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
रैली में झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव शमशेर आलम, कांग्रेस नेता कार्तिक हाड़ी, प्रदेश ओबीसी मोर्चा के सचिव राजेंद्र प्रसाद, राजू दास, योगेंद्र सिंह योगी, मंटू दास, सुमित आनंद सहित धनबाद के कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

Leave a comment