श्रीमद्भागवत कथा से भक्तिमय हुआ पुराना बाजार

Share This News

शंभुराम धर्मशाला में गूंजी भागवत कथा की अमृतवाणी

गोयल परिवार के सामूहिक आयोजन में वृंदावन की तर्ज पर सजा कथा स्थल,21 सितंबर तक चलेगी कथा

धनबाद: पुराना बाजार स्थित शंभुराम धर्मशाला में सोमवार से भक्ति और अध्यात्म की अमृतधारा बहने लगी। प्रतिष्ठित गोयल परिवार की ओर से आयोजित सामूहिक श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का विधिवत शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। भागवत व्यास पीठ की पूजा के बाद वृंदावन से पधारे कथा वाचक गुरु प्रताप चंद्र गोस्वामी का तिलक कर कथा का शुभारंभ किया गया।
कथा के प्रथम दिन श्री गोस्वामी ने श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा के श्रवण मात्र से मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है और उसे पापों से मुक्ति का मार्ग मिलता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान की कथा का श्रवण करने से न केवल व्यक्ति का कल्याण होता है, बल्कि उसके पूर्वजों को भी मोक्ष की प्राप्ति होती है।
कथा प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक होगी और इसका समापन 21 सितंबर को होगा। आयोजन को लेकर शंभुराम धर्मशाला परिसर को वृंदावन की तर्ज पर आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
आयोजन को सफल बनाने में ओम प्रकाश गोयल, संतोष गोयल, सुशील गोयल, अंबिका गोयल, प्रमोद गोयल, विनोद गोयल, आकर्षण गोयल, राम अवतार गोयल, रमेश गोयल, रिमझिम, शुभम, दीपक, संस्कार और आशीष समेत गोयल परिवार के दर्जनों महिला-पुरुष सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a comment