धनबाद:कुम्हार पट्टी स्थित गणेश मंदिर परिसर में श्री श्री गणेश पूजा समिति की ओर से श्री गणेश पूजा महोत्सव धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। मंदिर परिसर और पूजा पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
पूजा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद अंचलाधिकारी राम प्रवेश कुमार शामिल हुए। पूजा समिति के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद विद्वान पंडितों की देखरेख में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कराई गई। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के समक्ष शीश नवाकर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
पूजा के दौरान मंदिर परिसर घंटियों की ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजता रहा। सैकड़ों स्थानीय श्रद्धालुओं ने पूजा समारोह में हिस्सा लिया और भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा समिति की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं।
बच्चों के लिए आकर्षण बना बाल पंडाल
गणेश पूजा महोत्सव में इस वर्ष विशेष रूप से तैयार किया गया बाल पंडाल बच्चों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा। पंडाल में बच्चों के मनोरंजन और आकर्षण को ध्यान में रखते हुए विशेष सजावट की गई है। बड़ी संख्या में बच्चे अपने अभिभावकों के साथ पूजा स्थल पर पहुंचे और बाल पंडाल का आनंद लिया।
पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं। मंदिर परिसर की सजावट, पूजा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष तैयारी की गई थी। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भूमिका रही।
धार्मिक आयोजन से मजबूत होता है भाईचारा : सीओ
इस अवसर पर अंचलाधिकारी राम प्रवेश कुमार ने सभी श्रद्धालुओं को गणेश पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता माना जाता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मक वातावरण को मजबूत करते हैं। उन्होंने महोत्सव की सफलता की कामना करते हुए सभी को गणेश पूजा की बधाई दी।
आयोजन को सफल बनाने में मनोज कुमार, टिंकू साव, सोनू वर्मा, वीरेंद्र साव, विवेक कुमार, शुभम मंडल, अजय महतो, सूरज पांडे, संतोष पांडेय, राजीव कुमार, भरत साव, बबलू सिन्हा,छोटे चौरसिया समेत अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।