आरोग्य भारती और आईआईटी आईएसएम की टीम ने राजभवन पहुंचकर दिया आमंत्रण, राज्यपाल ने स्वीकार किया निमंत्रण
धनबाद/रांची: आगामी 20 सितंबर को आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कार्यशाला में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बुधवार, 2 सितंबर को आरोग्य भारती झारखंड प्रांत एवं आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की और उन्हें राष्ट्रीय कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया।
आयोजन समिति के अनुरोध को स्वीकार करते हुए राज्यपाल संतोष गंगवार ने 20 सितंबर को आईआईटी (आईएसएम) धनबाद आने की सहमति दी। राज्यपाल की स्वीकृति से आयोजन समिति में उत्साह का माहौल है।
राष्ट्रीय कार्यशाला में देश के जाने-माने पर्यावरणविद्, विशेषज्ञ एवं विषय के जानकार शामिल होंगे। कार्यशाला के दौरान स्थानीय, क्षेत्रीय और वैश्विक पर्यावरणीय चुनौतियों पर व्यापक मंथन किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण, बदलते पर्यावरणीय परिदृश्य तथा उससे जुड़ी चुनौतियों के समाधान को लेकर विशेषज्ञ अपने विचार और सुझाव रखेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यशाला में होने वाली चर्चा एवं विशेषज्ञों की सिफारिशों को संकलित कर भारत सरकार को भेजा जाएगा, ताकि पर्यावरण से जुड़ी नीतियों में आवश्यक एवं प्रभावी संशोधन किए जा सकें और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ठोस कदम उठाए जा सकें।
राजभवन में राज्यपाल को आमंत्रित करने के दौरान आयोजन समिति के सदस्य प्रो. अंशुमाली, अरुण राय, जय प्रकाश नारायण सिंह, डॉ. विकास रमन एवं पवन अग्रवाल उपस्थित रहे।