उपायुक्त तथा एसएसपी ने किया बेलगड़िया टाउनशिप का स्थलीय निरीक्षण

Share This News

विकास योजनाओं को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का सख्त निर्देश

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने सोमवार को झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (JRDA) के तहत बेलगड़िया टाउनशिप क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुनर्वासित परिवारों को दी जा रही बुनियादी नागरिक सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों की धरातलीय स्थिति का जायजा लिया।

  • शिक्षा एवं कौशल विकास: मेगा स्किल सेंटर, प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर संचालन योग्य बनाने का निर्देश दिया।
  • स्वास्थ्य एवं स्वच्छता: हेल्थ सब-सेंटर में दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की जांच की। साथ ही क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई तथा फॉगिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
  • बुनियादी ढांचा व जलापूर्ति: पुनर्वासित परिवारों के लिए आवासों की मरम्मत, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन और निर्बाध पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया।
  • जल संरक्षण: टाउनशिप क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु तालाबों के जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति देखी।

उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने कार्यदायी एजेंसियों और संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी योजनाओं में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित क्षेत्रों से विस्थापित होकर आए परिवारों को सुरक्षित, स्वच्छ व सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a comment