1 सितंबर को जिला परिषद मैदान से रणधीर वर्मा चौक तक निकलेगा मार्च, राष्ट्रपति के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन
धनबाद। यूजीसी कानून वापस लेने और आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर स्वर्ण समाज की धनबाद में आंदोलन की हुंकार तेज हो गई है। राजपूत विचार मंच ने मंगलवार, 1 सितंबर को जिला परिषद मैदान से रणधीर वर्मा चौक तक विशाल जुलूस निकालने का ऐलान किया है। जुलूस के बाद उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर यूजीसी कानून को वापस लेने तथा आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई जाएगी।
सोमवार को राजपूत विचार मंच के संरक्षक उदय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनसंपर्क अभियान व आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि यूजीसी के नए प्रावधानों को लेकर देशभर में विरोध का माहौल है और राजपूत विचार मंच भी इस आंदोलन का समर्थन करेगा। उन्होंने स्वर्ण समाज के लोगों से बड़ी संख्या में जुलूस में शामिल होकर आंदोलन को मजबूती देने की अपील की।
उदय प्रताप सिंह ने कहा कि यूजीसी कानून काला कानून है। इससे युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।उन्होंने आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए कहा कि आरक्षण का आधार आर्थिक होना चाहिए। उनका आरोप है कि वर्तमान व्यवस्था में संपन्न परिवारों को भी आरक्षण का लाभ मिल रहा है, जबकि वास्तविक रूप से जरूरतमंद गरीब परिवार इससे वंचित रह जा रहे हैं।
बैठक में डॉ पीयूष सिंह ने कहा कि प्रस्तावित नए नियमों में सामान्य यानी अनारक्षित वर्ग को कथित तौर पर पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया है। इसे उन्होंने असंवैधानिक और एकतरफा बताते हुए व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की। साथ ही जातिगत आधार पर आरक्षण की मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा कर आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग भी उठाई गई। स्पष्ट किया कि 1 सितंबर का जुलूस केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और आरक्षण व्यवस्था में समानता की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने का माध्यम होगा।
बैठक में डॉ. पीयूष सिंह, राहुल सिंह, अभिषेक सिंह, विवेक सिंह, अनिमेष सिंह, निखिल सिंह, अमन राठौर, उदित आनंद, आशीष कुमार, सागर, पीयूष एवं हिमांशु सिंह समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।