धनबाद के फोटोजर्नलिस्ट सुभोजीत घोषाल ने फेस्टिवल श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि चंदन पाल ने नेचर श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया
धनबाद। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर झारखंड फोटोजर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से रांची के आड्रे हाउस में आयोजित राज्य स्तरीय फोटो प्रतियोगिता लेंस उत्सव-2026 का समापन हुआ। समापन समारोह में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न श्रेणियों के विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और सभी फोटोग्राफरों को शुभकामनाएं दीं।
लेंस उत्सव में झारखंड, बिहार और बंगाल के फोटोग्राफर की तस्वीरों की प्रदर्शनी लगाई गई। आयोजन में करीब 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनी देखने के लिए रांची के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं के अलावा बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। तस्वीरों के माध्यम से सामाजिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक और पर्यटन से जुड़ी विविधताओं को प्रदर्शित किया गया। आयोजन ने अनुभवी फोटो पत्रकारों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी अपनी रचनात्मकता और हुनर दिखाने का मंच प्रदान किया।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि हजार शब्दों में जो बात नहीं कही जा सकती, उसे एक तस्वीर बयां कर देती है। रांची में लेंस उत्सव जैसे आयोजन का होना सराहनीय पहल है। फोटोग्राफर अपनी तस्वीरों के माध्यम से समाज और समय की महत्वपूर्ण घटनाओं को दस्तावेज के रूप में सामने लाते हैं। एक तस्वीर किसी घटना, व्यक्ति या परिस्थिति को लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में जीवित रखने का काम करती है।प्रतियोगिता की फेस्टिवल श्रेणी में धनबाद के फोटोजर्नलिस्ट सुभोजीत घोषाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। रुद्र रंजीत द्वितीय और राजेश कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
स्ट्रीट फोटोग्राफी श्रेणी में सलार खान प्रथम, धनबाद के राज किशोर सिंह द्वितीय और गौरव हर्ष तृतीय रहे।
नेचर श्रेणी में धनबाद के चंदन पॉल ने प्रथम स्थान हासिल किया। अभिषेक द्वितीय और श्रुति सहाय तृतीय रहीं।
टूरिज्म श्रेणी में बिमल तमांग प्रथम, हजारीबाग के रवि सिंह द्वितीय और प्रीतम कुमार तृतीय रहे।
वाइल्डलाइफ श्रेणी में यश युवराज प्रथम, अक्षय आकाश द्वितीय और राजेश कुमार तृतीय स्थान पर रहे।