फोटोजर्नलिस्ट सुभोजीत घोषाल ने निभाई निर्णायक की भूमिका
धनबाद: विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद के पी.जी. जनसंचार विभाग की ओर से गुरुवार को शैक्षणिक भवन के भूतल पर फोटोग्राफी प्रदर्शनी-सह-प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया गया। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम मानसून रखी गई थी।प्रतियोगिता में वाणिज्य विभाग के आयुष कुमार ने प्रथम, जनसंचार विभाग के अंकित कुमार ने द्वितीय तथा अंग्रेजी विभाग के चंद्रशेखर मुर्मू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शीर्ष दस प्रतिभागियों में विक्की बाउरी (भौतिकी), सुमित सिन्हा (भूगोल), हेलिश पाण्डेय (वाणिज्य), शिवानी कुमारी (दर्शनशास्त्र), विनीता (रसायनशास्त्र), प्रणव रवानी (जनसंचार) और आरती कुमारी (हिंदी) शामिल रहीं। प्रतियोगिता के विजेताओं का चयन फोटोजर्नलिस्ट सुभोजीत घोषाल ने किया सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. अमूल्य सुमन बेक ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों की फोटोग्राफी प्रतिभा, रचनात्मकता तथा समाज और प्रकृति को देखने के उनके दृष्टिकोण को मंच प्रदान करना है। विभाग के शिक्षक डॉ. विकास चंद्र ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों की प्रतिभा में निखार आता है। शिक्षक हर्षित कच्छप ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के साथ-साथ संस्थान की पहचान को भी मजबूत करते हैं।
प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों द्वारा खींची गई मौलिक तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। तस्वीरों में बारिश, प्रकृति, खेती-बाड़ी, ग्रामीण जीवन और आम जनजीवन के विभिन्न रंग देखने को मिले। तस्वीरों ने मानसून की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ समाज और जनजीवन के विविध पहलुओं को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रणव, अजय, दीपिका, ममता, शिवानी, अनिमेष, कुमार आनंद, विश्वजीत, दीपक सहित अन्य विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।