झारखंड मैदान में खूंटी पूजन के साथ दुर्गा पूजा की भव्य तैयारी शुरू,

Share This News

इंडोनेशियाई आदिवासी महल के प्रारूप में सजेगा पंडाल, 30 लाख की लागत से तैयार होगा आकर्षण का केंद्र

धनबाद : धनबाद के झारखंड मैदान स्थित श्री श्री सत्यम शिवम सुंदरम दुर्गा पूजा समिति द्वारा इस वर्ष 27वें दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर भव्य तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। गुरुवार को झारखंड मैदान परिसर में वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ खूंटी पूजन का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। खूंटी पूजन के तुरंत बाद पश्चिम बंगाल से आए कुशल कारीगरों ने पंडाल निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है।

समिति के महासचिव राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2002 से लगातार आयोजित हो रही यह पूजा इस बार अपने 27वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस वर्ष पूजा पंडाल का कुल बजट लगभग 28 से 30 लाख रुपये रखा गया है। पंडाल की मुख्य थीम ‘इंडोनेशिया का आदिवासी महल’ होगी, जिसे बांस, चटाई और प्राकृतिक सामग्रियों का उपयोग कर तैयार किया जा रहा है। यह इको-फ्रेंडली और अनूठा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा तथा विशेष लाइटिंग की व्यवस्था भी पश्चिम बंगाल के दीघा से की जा रही है।

महासचिव ने आगे बताया कि 12 अक्टूबर को कलश स्थापना के साथ पूजा का शुभारंभ होगा और 23 अक्टूबर को भव्य झांकियों के साथ प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। हालांकि, महालया के अगले दिन से ही श्रद्धालुओं के लिए पंडाल और आकर्षक विद्युत सज्जा के दर्शन खोल दिए जाएंगे।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष मनोज मालाकार, सचिव उमेश यादव, कोषाध्यक्ष राजेश मालाकार, विकास साव, दिलीप शर्मा, नागेश्वर साहू, बबलू ठाकुर, सुबोध सिंह समेत दर्जनों समिति सदस्य उपस्थित थे।

Leave a comment