नेचर श्रेणी में धनबाद के फोटोग्राफर चंदन पॉल रहे प्रथम
फेस्टिवल में फोटोजर्नलिस्ट सुभोजीत घोषाल प्रथम
स्ट्रीट फोटोग्राफी में चंदन स्टूडियो से राजकुमार सिंह को मिला द्वितीय स्थान
रांची। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर झारखंड फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से आड्रे हाउस में आयोजित दो दिवसीय लेंस उत्सव-2026 का समापन हुआ। समापन समारोह में झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न श्रेणियों में विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और सभी फोटोग्राफरों को बधाई दी।
लेंस उत्सव में झारखंड, बिहार और बंगाल के फोटो जर्नलिस्टों की तस्वीरों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। आयोजन में करीब 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनी देखने के लिए रांची के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। तस्वीरों के माध्यम से झारखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों की सामाजिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक और पर्यटन से जुड़ी विविधता को दर्शाया गया।
समापन समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में फोटो जर्नलिस्ट अपने कैमरों और तस्वीरों के साथ आयोजन में शामिल हुए। लेंस उत्सव के माध्यम से फोटोग्राफी के क्षेत्र में काम कर रहे पत्रकारों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का मंच मिला।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि किसी ने सच ही कहा है कि हजार शब्दों में जो बात नहीं कही जा सकती, उसे एक तस्वीर बयां कर देती है। लेंस उत्सव के माध्यम से रांची जैसे शहर में इस तरह का आयोजन किया जाना काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफर अपनी तस्वीरों के माध्यम से समाज और समय की महत्वपूर्ण घटनाओं को दस्तावेज के रूप में सामने लाते हैं। एक तस्वीर किसी घटना, व्यक्ति या परिस्थिति को लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में जीवित रखने का काम करती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में सभी विजेता प्रतिभागियों को मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया। आयोजन में शामिल फोटो जर्नलिस्टों ने भी लेंस उत्सव को फोटोग्राफी के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल बताया। उनका कहना था कि इस तरह के आयोजन से फोटो पत्रकारों को अपनी रचनात्मकता और हुनर को सामने रखने का अवसर मिलता है।
विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं की घोषणा
विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित लेंस उत्सव में विभिन्न श्रेणियों के विजेता प्रतिभागियों की भी घोषणा की गई।
नेचर श्रेणी में धनबाद के फोटोग्राफर चंदन पॉल ने प्रथम अभिषेक ने द्वितीय और श्रुति सहाय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
फेस्टिवल श्रेणी में धनबाद के फोटोजर्नलिस्ट सुभोजीत घोषाल ने प्रथम रुद्र रंजीत ने द्वितीय और राजेश कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।
स्ट्रीट फोटोग्राफी में सलार खान प्रथम,धनबाद के चंदन स्टूडियो से राजकुमार सिंह द्वितीय और गौरव हर्ष तृतीय स्थान पर रहे।
टूरिज्म श्रेणी में बिमल तमांग प्रथम, हजारीबाग के रवि सिंह द्वितीय और प्रीतम कुमार तृतीय रहे।
वहीं वाइल्डलाइफ श्रेणी में यश युवराज ने प्रथम, अक्षय आकाश ने द्वितीय और राजेश कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।