Breaking News

साइबर अपराध मुक्त धनबाद की पहल, SSP-DC ने किया जागरूकता अभियान का शुभारंभ

Share This News

धनबाद: जिले को ‘साइबर अपराध मुक्त’ बनाने के लिए धनबाद पुलिस और जिला प्रशासन ने 17 से 21 अगस्त तक एक वृहद जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और उपायुक्त आदित्य रंजन की मौजूदगी में पुलिस लाइन सभागार से इस मुहिम की शुरुआत की गई। अभियान के तहत पिछले एक वर्ष की एफआईआर के आधार पर अपराधियों के 30 प्रमुख तरीकों को आसान हिंदी, अंग्रेजी और कार्टून में समझाने वाली एक गाइडबुक व पर्चों का विमोचन किया गया। इसके प्रचार-प्रसार के लिए स्मार्ट क्लास, ऑनलाइन सत्र, 2 विशेष LED वाहनों और ग्रामीण क्षेत्रों में ‘रात्रि चौपाल’ की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने स्कूलों में पर्यावरण मित्र की तर्ज पर ‘साइबर मित्र’ नामित करने और मॉर्निंग असेंबली में प्रतिदिन साइबर सुरक्षा टिप्स साझा करने की योजना बनाई है। SSP प्रभात कुमार ने पीड़ित नागरिकों से बिना झिझक तुरंत शिकायत दर्ज कराने की अपील की। उल्लेखनीय है कि हाल ही में गृह मंत्रालय की ‘I4C’ टीम ने धनबाद पुलिस के उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें राष्ट्रीय “एक्सीलेंस अवॉर्ड” से सम्मानित किया है।

Leave a comment