Breaking News

केंदुआ-करकेन्द में सुधरेगी जलापूर्ति, विधायक राज सिन्हा ने अधिकारियों के साथ की उच्चस्तरीय बैठक

Share This News

नया मोटर स्थापित, आज से मिलेगा पानी; भू-धंसान से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत शुरू

दीर्घकालिक समाधान: L&T प्लांट के 100 MLD अधिशेष पानी को माडा नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी

धनबाद। केंदुआ के मछली पट्टी और करकेन्द के पासी धोड़ा में पिछले कई दिनों से जारी गहराते जल संकट को दूर करने के लिए धनबाद विधायक राज सिन्हा ने मोर्चा संभाल लिया है। क्षेत्र में पानी का दबाव बेहद कम रहने और जलापूर्ति ठप होने की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए विधायक ने विभागीय सचिव, माडा के शीर्ष अभियंताओं और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में आम जनता को तत्काल और दीर्घकालिक राहत देने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
विधायक राज सिन्हा ने बताया कि स्थानीय लोगों को राहत पहुंचाने के लिए एक नया मोटर स्थापित कर दिया गया है, जिसे मंगलवार से चालू कर दिया जाएगा। इससे क्षेत्र में पानी के प्रेशर में तत्काल सुधार देखने को मिलेगा। इसके अतिरिक्त, केंदुआ में भू-धंसान की वजह से क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन को ऊपर उठाकर दुरुस्त करने का काम अतिरिक्त मजदूर और आवश्यक संसाधन लगाकर युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। जलापूर्ति में बाधा बन रही बिजली समस्या के समाधान के लिए क्षेत्र में लगाए गए नए ट्रांसफार्मर को भी अविलंब चालू करने के निर्देश दिए गए हैं।
समस्या के स्थायी समाधान पर चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि 147 MLD क्षमता वाले L&T के नए जल संयंत्र से बच रहे 100 MLD अधिशेष (सरप्लस) पानी को माडा (MADA) नेटवर्क से जोड़ने की योजना बनाई गई है। यदि इसे नगर निगम और कोलियरी क्षेत्र से सफलतापूर्वक जोड़ दिया जाता है, तो धनबाद शहर को प्रतिदिन 80 से 90 MLD अतिरिक्त पानी मिल सकेगा। इस महत्वाकांक्षी प्रस्ताव को जिला उपायुक्त, नगर विकास विभाग और PHED अधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद अंतिम स्वीकृति हेतु मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। समीक्षा बैठक के दौरान विधायक राज सिन्हा ने वर्ष 2022 तक पूरी होने वाली शहरी जलापूर्ति योजनाओं के 2026 तक अधर में लटके रहने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कार्यदायी एजेंसियों (L&T और श्रीराम ईपीसी) की ढुलमुल कार्यशैली पर सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि टेंडर की लंबी प्रक्रिया में समय गंवाने के बजाय फिलहाल उपलब्ध संसाधनों का ही अधिकतम उपयोग कर जलापूर्ति बहाल करने को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नया मोटर चालू होते ही अगले एक-दो दिनों में क्षेत्र की जलापूर्ति स्थिति में बड़ा सुधार आ जाएगा।

Leave a comment