धनबाद में ‘भारतगैस लाइट ज़िप’ कंपोजिट सिलेंडर का हुआ भव्य शुभारंभ

Share This News

आज से शहर के उपभोक्ता ले सकते इस आधुनिक व मॉड्यूलर गैस सिलेंडर का कनेक्शन

​धनबाद : कोयलांचल के रसोई गैस उपभोक्ताओं को भारी-भरकम और जंग लगे लोहे के सिलेंडरों से आज मुक्ति मिल गई। मेमको मोड़ स्थित कुमार भारत गैस एजेंसी में बीपीसीएल के अत्याधुनिक एवं पारदर्शी ‘भारतगैस लाइट ज़िप’ कंपोजिट सिलेंडर का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह, बीपीसीएल के सेल्स मैनेजर साकिब जमाल हाशमी, टेरिटरी मैनेजर शिव कुमार गर्ग, गणपति गैस एजेंसी के संचालक वासुदेव कुमार तथा कुमार भारत गैस के संचालक ने संयुक्त रूप से पर्दे को हटाकर इस आधुनिक सिलेंडर का औपचारिक लोकार्पण किया।

​उद्घाटन के दौरान सेल्स मैनेजर साकिब जमाल हाशमी ने कहा कि यह सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए बेहद लाभदायक है। उन्होंने इसकी खूबियां बताते हुए कहा कि यह पारदर्शी है, जिससे गैस का स्तर आसानी से दिखता है। पारंपरिक सिलेंडर से 50% हल्का होने के कारण इसे कोई भी आसानी से उठा सकता है। यह पूर्णतः जंग-रोधी है और भीषण आग में भी इसमें विस्फोट नहीं होता, जिससे रसोई बिल्कुल सुरक्षित रहती है।

​वहीं पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा, “भारतगैस ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को दूर करने के लिए यह एक बड़ा समाधान प्रस्तुत किया है। यह सिलेंडर आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ धनबाद में रहकर पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए वरदान साबित होगा। ​कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साकिब जमाल हाशमी ने बताया कि यह रथ पूरे क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को कंपोजिट सिलेंडर की खूबियों के प्रति जागरूक करेगा। वही उद्घाटन सत्र के अंत में लुबी सर्कुलर रोड निवासी गोविंद पाठक सबसे पहला कनेक्शन लेकर धनबाद के सबसे पहले उपभोक्ता बने। इस उपलब्धि पर पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह, बीपीसीएल के अधिकारियों एवं सभी गैस एजेंसी संचालकों ने उन्हें गोविंद पाठक को बधाई दी।

​इस अवसर पर कुमार राजीव, अंशुमान सिंह, सतीश जुनेजा, वासुदेव कुमार, आनंद डालमिया और राखी पांडे समेत जिले के प्रमुख एलपीजी वितरक उपस्थित थे।

Leave a comment