बड्स गार्डन स्कूल में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-3 कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

Share This News

धनबाद: बड्स गार्डेन स्कूल, दलूडिह, राजगंज में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-3 कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में झारखंड और बिहार के सीबीएसई स्कूलों की लगभग 136 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
14 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले में डीवाई पाटिल धनबाद स्कूल की टीम ने स्वामी विवेकानंद स्कूल, रांची को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। वहीं जीएम पब्लिक स्कूल, गोमो ने स्वामी विवेकानंद स्कूल, रांची को तथा क्रिसेंट पब्लिक स्कूल, बोकारो ने रेडिएंट पब्लिक स्कूल की टीम को पराजित किया।
19 वर्ष आयु वर्ग में फाउंडेशन स्कूल, बक्सर ने गुरुनानक पब्लिक स्कूल को हराया। संत नंदलाल स्मृति विद्या मंदिर, घाटशिला ने रेडिएंट स्कूल, पटना को शिकस्त दी। वहीं मेजबान बड्स गार्डेन स्कूल, राजगंज ने त्रिभुवन स्कूल, खगौल (बिहार) को 40-11 के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
17 वर्ष आयु वर्ग में डीबीएमएस, कोडरमा ने दून ग्लोबल, पटना को, आरकेवीएम, देवघर ने ज्ञान ज्योति, आरा को तथा डंकन अकादमी, रक्सौल ने महेश एकेडमी की टीम को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के दौरान मैच देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है। खिलाड़ियों के उत्साह और शानदार मुकाबलों से बड्स गार्डेन स्कूल परिसर में खेलमय माहौल बना हुआ है।
ज्ञात हो कि 11 अगस्त से शुरू हुई यह प्रतियोगिता 15 अगस्त को संपन्न होगी। समापन समारोह में धनबाद के उपायुक्त मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सीबीएसई नई दिल्ली द्वारा आयोजित इस क्लस्टर-3 कबड्डी प्रतियोगिता में झारखंड और बिहार के स्कूलों की लगभग 136 टीमें और करीब 1,400 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ियों के लिए स्कूल परिसर में आवासीय व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सदस्य, शिक्षक एवं वॉलंटियर्स पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं

Leave a comment