धनबाद में डॉ. मिहिर किडनी केयर हॉस्पिटल का एक वर्ष पूरा, सीकेडी के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर दिया जोर

Share This News

धनबाद। धनबाद के डॉ. मिहिर किडनी केयर हॉस्पिटल ने गुरुवार को अपनी स्थापना का एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर अस्पताल परिसर में पूजा-अर्चना का आयोजन किया। इस मौके पर अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. मिहिर कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए क्रॉनिक किडनी डिजीज को लेकर लोगों को जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किडनी की बीमारी एक साइलेंट किलर है, क्योंकि शुरुआती चरण में इसके कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते और अधिकांश मरीज अंतिम अवस्था में पहुंचने के बाद ही अस्पताल आते हैं।

डॉ. मिहिर ने बताया कि भारत में 13 करोड़ से अधिक लोग किडनी रोग से प्रभावित हैं और हर वर्ष करीब 2.2 लाख नए मरीजों को डायलिसिस की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने कहा कि डॉ. मिहिर किडनी केयर हॉस्पिटल पिछले एक वर्ष से झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के मरीजों को विशेषज्ञ किडनी उपचार उपलब्ध करा रहा है। अस्पताल में 24×7 डायलिसिस और आईसीयू की सुविधा उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि अस्पताल नियमित रूप से शुगर, ब्लड प्रेशर और किडनी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित कर लोगों को समय रहते जांच कराने के लिए प्रेरित करता है। उनका कहना था कि यदि किडनी की बीमारी का समय पर पता चल जाए तो इसे लंबे समय तक नियंत्रित रखा जा सकता है।

डॉ. मिहिर ने बताया कि भविष्य में अस्पताल टेली-नेफ्रोलॉजी सेवा शुरू करेगा, ताकि दूर-दराज के मरीज भी घर बैठे विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श ले सकें। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में किडनी रोग के प्रति जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा।

Leave a comment