पिंडराहाट में सड़क हादसे के बाद बवाल, मुखिया पति से मारपीट; एक आरोपी हिरासत में

Share This News

एमपीएल की गाड़ी ड्रेन में घुसने से शुरू हुआ विवाद………..

मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों और वाहन पक्ष में हुई कहासुनी…………….

धनबाद के निरसा क्षेत्र के कालूबथान में सड़क दुर्घटना के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। पिंडराहाट पंचायत में एक भारी वाहन के ड्रेन में घुसने के बाद ग्रामीणों और वाहन पक्ष के बीच विवाद हो गया। इस दौरान स्थानीय पंचायत मुखिया के पति के साथ मारपीट किया गया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है और जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को पिंडराहाट पंचायत क्षेत्र में एमपीएल की एक भारी वाहन ग्रामीण सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने ड्रेन में जा घुसी, जिससे ड्रेन क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पंचायत की मुखिया बालिका मुर्मू अपने पति और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त ड्रेन की मरम्मत कराने की मांग रखी, ताकि आने वाले दिनों में जल निकासी और आवागमन की समस्या से बचा जा सके।

इसी दौरान वाहन पक्ष और ग्रामीणों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मुखिया पति के साथ मारपीट की गई। जबकि घटना के समय पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। वहीं, सूचना मिलते ही कालूबथान की अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment