धनबाद स्टेशन पर आधी रात का ‘हाई-वोल्टेज ड्रामा’: महिला को पीटा तो भीड़ ने युवक को ‘दौड़ा-दौड़ा कर’ सुताया, बाइक जब्त!

Share This News

धनबाद : कोयलांचल की रातें यूं तो शांत होती हैं, लेकिन शुक्रवार की देर रात धनबाद रेलवे स्टेशन के बाहर जो कुछ भी हुआ, उसने बॉलीवुड की किसी सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म को भी पीछे छोड़ दिया। स्टेशन रोड पर अचानक चीख-पुकार मची, फिर लात-घूंसे चले और देखते ही देखते पूरा इलाका ‘कुरुक्षेत्र’ के मैदान में तब्दील हो गया। मामला एक महिला की पिटाई से शुरू हुआ और युवक की ‘सार्वजनिक कुटाई’ पर जाकर खत्म हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवक बीच सड़क पर एक महिला पर ताबड़तोड़ थप्पड़ और घूंसे बरसा रहा था। आस-पास खड़े लोगों ने पहले तो भाईसाहब को बहुत समझाने की कोशिश की कि “कानून हाथ में मत लो”, लेकिन युवक का गुस्सा सातवें आसमान पर था। जब वह समझाने पर भी नहीं रुका, तो वहां मौजूद पब्लिक का ‘सिंघम’ जाग गया। लोगों ने आव देखा न ताव, युवक को घेरा और बीच सड़क पर ही ‘दौड़ा-दौड़ा कर’ उसकी अच्छी-खासी सर्विस कर दी। इसके बाद स्टेशन रोड पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधब भागने लगे।
जब इस पूरे बवाल की वजह खोजी गई, तो कहानी में एक नया ही ट्विस्ट सामने आया। पिट रहे युवक का आरोप था कि उक्त महिला उसे पहले बहला-फुसलाकर किसी सुनसान जगह पर ले गई थी, जहां उसके साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। वारदात के बाद महिला वहां से रफूचक्कर हो गई, जिसे ढूंढते हुए वह गुस्से में धनबाद स्टेशन पहुंचा था। जैसे ही उसने महिला को स्टेशन के बाहर देखा, उसका खून खौल गया और ‘बदला’ लेने के चक्कर में वह खुद जनता के हत्थे चढ़ गया।
दूसरी ओर, स्थानीय बाजार में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों का कहना है कि यह महिला कथित तौर पर पश्चिम बंगाल से हर रात ट्रेन पकड़कर धनबाद स्टेशन आती है और यात्रियों से संपर्क करती है। हालांकि, इस ‘बंगाल कनेक्शन’ की पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं जनता की मार से अधमरे हुए युवक ने एक और आरोप जड़ते हुए कहा कि भीड़ में शामिल कुछ टोटो और ऑटो चालकों ने उस पर जानबूझकर गुस्सा निकाला और उसकी बेरहमी से धुनाई की।
स्थिति को बिगड़ता देख धनबाद पुलिस ने मौके पर एन्ट्री मारी। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए मामले को शांत कराया, युवक को हिरासत में लिया और उसकी बाइक भी जब्त कर अपने साथ थाने ले गई। फिलहाल पुलिस घटना के असली कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। इस पूरे ‘हाई-वोल्टेज ड्रामे’ का वीडियो वहां मौजूद कुछ लोगों ने अपने कैमरों में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Leave a comment