उपायुक्त के निर्देश पर योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रातः सुबह “रन फॉर योग” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम धनबाद के रणधीर वर्मा चौक से शुरू होकर सिटी सेंटर तक आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन में धनबाद जिला आयुष समिति के पदाधिकारी, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी तथा पुलिस के जवान शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से “योग करो, निरोग रहो” का संदेश जन-जन तक पहुँचाया और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के बारे में भी जागरूक किया गया। सभी से अपील की गई कि वे 21 जून को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस अभियान को सफल बनाएं।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल योग के प्रति जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना भी है।