Breaking News

धनबाद में शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया ईद उल जुहा, अमन-चैन और भाईचारे की मांगी दुआ

Share This News

धनबाद :- ईद उल जुहा का पर्व जिलेभर में श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के माहौल में शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। सुबह से ही विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नए परिधानों में एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और देश-दुनिया में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।

धनबाद के रेलवे ग्राउंड में भी बड़ी संख्या में लोगों ने ईद उल जुहा की नमाज अदा की। नमाज को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और विधि व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मौके पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

इस दौरान जामा मस्जिद के इमाम ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ईद उल जुहा त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, समाज में प्रेम और सौहार्द कायम रखने की अपील की। साथ ही देश में अमन और शांति बनी रहे इसके लिए विशेष दुआ की गई।

इमाम ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि पर्व मनाने के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामाजिक कर्तव्य भी है। ईद के अवसर पर लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर ईद की बधाई दी। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। पूरे जिले में ईद उल जुहा का त्योहार सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Leave a comment