विश्व पर्यावरण सप्ताह पर धनबाद रेल मंडल ने किया पौधारोपण, 5000 वृक्ष लगाने का लक्ष्य

Share This News

धनबाद। विश्व पर्यावरण सप्ताह के अवसर पर बुधवार को धनबाद रेल मंडल की ओर से धनबाद रेलवे स्टेशन के दक्षिण छोर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवा संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष दिलीप सिंह सहित रेलवे के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

डीएनएचएम धनबाद उदय कुमार ने बताया कि मिनिस्ट्री ऑफ फॉरेस्ट एंड क्लाइमेट चेंज के निर्देश पर धनबाद रेल मंडल में भी विश्व पर्यावरण सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में पौधारोपण अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि आज के समय में ग्लोबलाइजेशन, शहरीकरण और लगातार हो रही वृक्षों की कटाई के कारण पर्यावरण पर गंभीर असर पड़ रहा है। फैक्ट्रियों से निकलने वाले रासायनिक अपशिष्ट नदियों को दूषित कर रहे हैं और वायु प्रदूषण भी तेजी से बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार 15 मई से 5 जून तक पर्यावरण सप्ताह मनाया जा रहा है। आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देने के लिए अभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की जरूरत है। धनबाद रेल मंडल ने इस अभियान के तहत 5000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

उदय कुमार ने बताया कि बुधवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर एक मेगा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें डीआरएम अखिलेश मिश्रा भी शामिल होंगे।

वहीं समाजसेवी दिलीप सिंह ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि वृक्षारोपण से ही पर्यावरण को बचाया जा सकता है और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण दिया जा सकता है।

Leave a comment