बरवाडीह में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना हेतु रेलवे प्रशासन एवं केंद्रीय विद्यालय संगठन के बीच अनुबंध पर हस्ताक्षर-शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

Share This News

धनबाद: 22.05.26

पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल द्वारा दूरस्थ एवं अपेक्षाकृत कम शैक्षिक सुविधाओं वाले क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरगामी पहल की गई है। इसी क्रम में आज बरवाडीह में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना हेतु रेलवे प्रशासन एवं केंद्रीय विद्यालय संगठन के बीच अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। इस अनुबंध के माध्यम से बरवाडीह में केंद्रीय विद्यालय के संचालन एवं भविष्य में इसके स्थायी विकास हेतु आवश्यक संस्थागत एवं प्रशासनिक ढांचा औपचारिक रूप से स्थापित हो गया है। यह पहल क्षेत्र में शैक्षिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विद्यालय के दीर्घकालिक संचालन हेतु 35 वर्षों की लीज पर 9.686 एकड़ रेलवे भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूर्व में सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन से पूर्ण की जा चुकी है, जिससे विद्यालय के स्थायी भवन निर्माण का मार्ग पूर्णतः प्रशस्त हो गया है। अनुबंध के हस्ताक्षर के उपरांत केंद्रीय विद्यालय संगठन के स्तर पर विद्यालय के शीघ्र संचालन हेतु आवश्यक प्रक्रियाएँ प्रारंभ कर दी गई हैं। विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के शीघ्र प्रारंभ किए जाने की संभावना है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को निकट भविष्य में ही गुणवत्तापूर्ण केंद्रीय शिक्षा प्रणाली का लाभ मिल सकेगा। प्रारंभिक चरण में विद्यालय का संचालन रेलवे के उपलब्ध भवन में अस्थायी रूप से किया जाएगा। इसके लिए रेलवे प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जा रही है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण प्राप्त हो सके। इस पहल के फलस्वरूप बरवाडीह एवं आसपास के क्षेत्रों में कार्यरत रेलवे कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों के बीच अत्यंत प्रसन्नता एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त है, क्योंकि अब उनके बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूरस्थ स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में पूर्व मध्य रेल, मुख्यालय हाजीपुर की भूमिका अत्यंत उल्लेखनीय रही है।
पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह एवं प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव के सतत मार्गदर्शन एवं धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अखिलेश मिश्र के निर्देशन में सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण किया गया, जिसके परिणामस्वरूप यह अनुबंध सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। धनबाद मंडल का यह प्रयास न केवल रेलवे कर्मचारियों के कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि क्षेत्रीय सामाजिक विकास एवं शैक्षिक उन्नयन की दिशा में भी एक मील का पत्थर सिद्ध होगा। भविष्य में यह विद्यालय क्षेत्र में शिक्षा के नए अवसर सृजित करेगा तथा समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा। धनबाद मंडल ऐसे जनहितकारी एवं विकासोन्मुखी प्रयासों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।

Leave a comment